लखनऊ:उत्तर प्रदेश में सोमवार को हुई बारिश इस मॉनसून की सबसे ज्यादा बारिश रिकॉर्ड की गई| मॉनसून ने अलविदा कहने से पहले पूरे प्रदेश में जमकर लोगों को भिगोया| 24 घंटे से ज्यादा लगातार हुई बारिश की वजह से पूरे प्रदेश के कई जिलों का अधिकतम तापमान लुढ़क कर 30 डिग्री सेल्सियस के नीचे पहुंच गया है| न्यूनतम और अधिकतम तापमान कई जिलों में एक जैसा हो गया है|

लखनऊ मौसम केंद्र की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक मंगलवार को भी बारिश का सिलसिला जारी रहेगा|लखनऊ समेत पूरे प्रदेश में रुक-रुक कर बारिश होती रहेगी| पूर्वी उत्तर प्रदेश के सभी जिलों में भारी बारिश का पूर्वानुमान है, जबकि पश्चिमी उत्तर प्रदेश में बारिश के साथ ही बिजली गिरने का भी पूर्वानुमान लगाया जा रहा है|

लखनऊ मौसम केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक मोहम्मद दानिश ने बताया कि मंगलवार से बारिश के बाद मौसम साफ होना शुरू हो जाएगा| मंगलवार को बारिश का कहर उतना जबरदस्त नहीं होगा जितना कि सोमवार को था|

लोगों को हुआ सर्दी का एहसास
पूरे प्रदेश में लगातार हो रही बारिश की वजह से लोगों को सर्दी का एहसास होने लगा है| लोगों ने अपने घरों के पंख और एसी बंद कर दिए हैं| लखनऊ मौसम केंद्र की ओर से जारी की गई जानकारी के मुताबिक पूरे प्रदेश में सबसे ज्यादा बारिश बहराइच में रिकॉर्ड की गई, जहां पर 98.4 मिलीमीटर बारिश हुई है|

वहीं कानपुर में तीन, लखीमपुर खीरी में पांच, सुल्तानपुर में 9, फुरसतगंज में 15, झांसी में 6, शाहजहांपुर में चार मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड हुई है| जबकि लखनऊ में बारिश इतनी जबरदस्त थी कि इसका पूरा आंकड़ा अभी साफ नहीं हो पाया है|

आज इतना नीचे रहेगा तापमान
लखनऊ में आज अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस जबकि न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रहने का पूर्वानुमान है| बाराबंकी, हरदोई, कानपुर, इटावा, लखीमपुर खीरी, गोरखपुर, वाराणसी, बलिया, चुर्क, बहराइच और प्रयागराज में अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस से लेकर 29 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का पूर्वानुमान है| जबकि न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस से लेकर 24 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है|

फतेहपुर, बांदा, सुल्तानपुर, अयोध्या, फुरसतगंज, गाजीपुर और फतेहगढ़ में अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस से लेकर 31 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का पूर्वानुमान है| इन जिलों का न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस लेकर 25 डिग्री सेल्सियस तक रहेगा| बस्ती, झांसी, उरई, हमीरपुर, बरेली शाहजहांपुर, नजीबाबाद, मुरादाबाद, मुजफ्फरनगर, मेरठ, आगरा, अलीगढ़ और बुलंदशहर में अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से लेकर 31 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का पूर्वानुमान है, जबकि यहां का न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस से लेकर 27 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है|

इसके अलावा मथुरा, चित्रकूट, हाथरस, आजमगढ़, गोंडा में अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस से लेकर 29 डिग्री सेल्सियस तक रहने का पूर्वानुमान है| जबकि इन जिलों का न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है|गाजियाबाद, हापुड़ और नोएडा की बात करें तो इन जिलों का अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस जबकि न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रहने का पूर्वानुमान है|