भाजपा के पूर्व सांसद धर्मेंद्र कश्यप की नाराजगी अब खुलकर सामने आ गई है। राज्यसभा चुनाव के लिए बरेली से श्रुति गंगवार और मंत्री धर्मपाल सिंह को प्रत्याशी बनाए जाने के बाद धर्मेंद्र कश्यप ने सोशल मीडिया पर ‘टाटा-बाय-बाय’ लिखा। इसके साथ ही उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तस्वीर भी अपने प्रोफाइल से हटा दी। अब मीडिया से बातचीत में उन्होंने अपने अगले सियासी कदम को लेकर भी बड़ा संकेत दिया है।जब धर्मेंद्र कश्यप से पूछा गया कि ‘टाटा-बाय-बाय’ किस चीज से हो गई? तो उन्होंने शायराना अंदाज में कहा, “आंखों में रहा, दिल में उतरकर नहीं देखा। कश्ती के मुसाफिर ने कभी समंदर नहीं देखा… जब से चला हूं, मंजिल पर मेरी निगाहें, कभी मील का पत्थर नहीं देखा।”
बोले- ‘निश्चित ही मानिए’, बदलेगा सियासी मील का पत्थर?
जब उनसे पूछा गया कि क्या अब मील का पत्थर बदलने जा रहा है और उनके यहां भाजपा का कोई पोस्टर भी दिखाई नहीं दे रहा, तो धर्मेंद्र कश्यप ने कहा- निश्चित ही मानिए निश्चित ही मानिए। चुनाव लड़ने के सवाल पर उन्होंने कहा कि अब फैसला अपने समर्थकों पर छोड़ेंगे। उन्होंने कहा कि उनके समर्थकों की संख्या काफी है और जल्द ही समर्थकों की बैठक बुलाकर आगे का फैसला लिया जाएगा।
अखिलेश के साथ जाने के सवाल पर नहीं लिया नाम
अखिलेश यादव के साथ जाने के सवाल पर भी धर्मेंद्र कश्यप ने किसी पार्टी या नेता का नाम नहीं लिया। उन्होंने कहा कि समर्थक जो निर्णय लेंगे, उसी के हिसाब से आगे फैसला होगा। उन्होंने दोहराया कि समर्थकों की बड़ी तादाद है और बहुत जल्द बैठक बुलाई जाएगी। राज्यसभा का टिकट नहीं मिलने से नाराजगी के सवाल पर धर्मेंद्र कश्यप ने कहा, नहीं-नहीं, राज्यसभा से अपना कोई मतलब ही नहीं है।
बेटी को राजनीति में लाने पर बोले- ‘जहां से चाहेंगे, वहां से मिलेगा’
बेटी को सक्रिय राजनीति में लाने और उनके लिए टिकट मांगने के सवाल पर धर्मेंद्र कश्यप ने कहा, “मिलेगा, जहां से चाहेंगे वहां से मिलेगा। जब उनसे पूछा गया कि पार्टी कोई भी हो सकती है, तो उन्होंने कहा कि “हां, यह तय हो जाएगा, समर्थकों की बैठकों में तय हो जाएगा।2024 की खिलाफत को बताया नाराजगी की बड़ी वजह
धर्मेंद्र कश्यप ने अपनी नाराजगी की सबसे बड़ी वजह 2024 का लोकसभा चुनाव बताया। उन्होंने कहा कि उन्होंने 2024 का लोकसभा चुनाव लड़ा था और जिन लोगों ने खुलकर उनकी खिलाफत की, अगर वही लोग पार्टी में अग्रिम पंक्ति में बैठेंगे तो निश्चित तौर पर कष्ट होगा।उन्होंने कहा कि अगर पार्टी ऐसे लोगों पर कोई एक्शन नहीं लेगी और कोई चिंता व्यक्त नहीं करेगी तो “हम जैसे व्यक्ति का स्वाभाविक टाटा-बाय-बाय कहना बन जाता है।अब धर्मेंद्र कश्यप के समर्थकों की बैठक पर सभी की नजर है। माना जा रहा है कि इसी बैठक में उनके अगले सियासी कदम को लेकर तस्वीर साफ हो सकती है।
